सभासद और उनके पुत्र पर मुकदमा दर्ज
प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े जूनियर इंजीनियर के साथ मारपीट का आरोप
हाटा(कुशीनगर)। नगरपालिका हाटा के एक सभासद और उनके पुत्र पर प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े एक जूनियर के साथ मारपीट करने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है। पिता-पुत्र के खिलाफ हाटा कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
नगरीय विकास अभिकरण डूडा से संबंधित प्रधानमंत्री आवास योजना के जूनियर इंजीनियर अर्जुन सिंह ने हाटा कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप बताया है कि उनकी ड्यूटी नगरपालिका हाटा क्षेत्र में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में जिओ टैगिंग के लिए लगाई गई है। 27 मई को वह वार्ड नंबर15 सहबाजपुर में आवास की जिओ टैगिंग करने गए थे। उसी दौरान सभासद और उनके पुत्र ने उन्हें जिओ टैगिंग करने से रोक दिया और मारपीट की। इसकी सूचना उन्हाेंने अपने विभाग को दी और उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद हाटा कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभासद लालबचन यादव और उनके पुत्र रोशन यादव के खिलाफ मारपीट एवं सरकारी काम में बाधा डालने आदि संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि संबंधित जूनियर इंजीनियर की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई होगी।