संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने मगहर में हुए हादसे में दो की मौत के मामले में तहरीर के आधार पर बृहस्पतिवार को आरोपी डीसीएम चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
निशीत मिश्र निवासी ग्राम लखुआ लखुई थाना खड्डा, कुशीनगर ने तहरीर में बताया कि उनके चाचा शंभू मिश्र अपने मित्र धनंजय पांडेय, सुधेश मिश्र व रमन कुमार के साथ लखनऊ गए हुए थे। वहां से 15 मार्च को रात कार से वापस आ रहे थे। रात 2:30 बजे के करीब हाईवे स्थित रसूलाबाद पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रहे डीसीएम चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए कार को ठोकर मारते हुए गड्ढे में चली गई।
दुर्घटना में धनंजय पांडेय व शंभूमिश्र की मौके पर मौत हो गई। अन्य सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मगहर पुलिस मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां पर घायलों का उपचार व मृतकों के शव का पोस्टमार्टम हुआ। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।