उजारनाथ। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के दोघरा पांडेय टोला की महिला ने तहरीर देकर पति समेत ससुराल के लोगों पर मारपीट व दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव विशुनपुरा जौरा मनराखन निवासी पति समेत छह लोगों पी दहेज उत्पीड़न व मारपीट का केस दर्ज किया है।
महिला ने बताया है कि उसकी शादी 31 मई 2017 को विशुनपुरा जौरा मनराखन निवासी प्रकाश उर्फ सोनू उपाध्याय के साथ हुई थी। शादी के बाद उसके पति, सास आरती देवी व ससुर नागेंद्र, ननद, जेठ अरुणेश व नन्दोई दहेज के लिए दबाव बनाने लगे। मना करने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। पंचायत भी हुई और पिता ने तीन लाख रुपये भी दिए। रुपये मिलने के बाद कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक रहा। इसी बीच वह दो बच्चों की मां भी बन गई। आरोप है कि 26 फरवरी 2024 को ससुराल वालों ने पंचायत में मारपीट कर घर से निकाल दिया। इंस्पेक्टर राकेश रौशन सिंह ने बताया कि पीड़िता के तहरीर पर दो महिलाओं समेत छह पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।