कसया। नगर के एक मोहल्ले में विवाहिता पर उसके पूर्व प्रेमी ने मंगलवार को चाकू से जानलेवा हमला करने के बाद अपने भी हाथ का नस काट लिया था। मामले में कसया पुलिस ने विवाहिता के ससुर के तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
नगर के एक मोहल्ले में एक विवाहिता को अपने घर में काम करने दौरान अमया थाना कटया जिला गोपालगंज बिहार निवासी कन्हैया कुमार तिवारी (35) वहां पहुंचा और काफी समय से फोन पर बातचीत नहीं करने को लेकर नाराजगी जताने लगा। इसी बात को लेकर प्रेमी युवक ने महिला से विवाद कर लिया। इसी दौरान युवक ने अचानक चाकू से विवाहिता पर हमला कर दिया। जिससे उसका दोनों हाथ लहूलुहान हो गया। खून से लथपथ महिला किसी तरह भागकर घर से बाहर निकली और दौड़ते हुए हाइवे स्थित पुलिस चौकी पहुंची, जहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें सीएचसी कसया ले गई।
उधर, प्रेमी युवक ने महिला को घर से पुलिस के पास जाते देख खुद को भी चाकू से अपने हाथ का नस काट लिया। इससे युवक के हाथ से खून टपकने लगा। घायल महिला को अस्पताल भेजने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। थोड़ी ही देर में पुलिस घटना स्थल से कुछ दूर प्रेमी को भी घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। युवक को घायल देख पुलिस उसे भी कसया सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टर ने घायल युवक की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। मामले में विवाहिता के ससुर के तहरीर पर युवक के खिलाफ स्थानीय पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। बृहस्पतिवार को युवक मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस उसको हिरासत में लेकर पूछताछ में जुट गई।
इस संबंध में एसओ अभिनव मिश्रा ने बताया कि मामले में केस दर्ज करने के बाद आरोपी को डिस्चार्ज होने पर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।