- रजवटिया गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई थी मारपीट
पटहेरवा। क्षेत्र के रजवटिया गांव निवासी एक महिला ने गांव के ही 11 लोगों पर जमीन के विवाद को लेकर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने, धमकी देने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने 11 नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के रजवटिया गांव की रुपिया देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि गांव के सुभाषचंद्र चौहान सहित अन्य से उनका जमीन का विवाद है। 25 अप्रैल को शाम चार बजे विपक्षी सुभाष चंद्र, राम भरोसा और प्रेम शंकर सहित कई लोग गोल बनाकर उसके घर पर लगे सीसी कैमरे को तोड़ दिए। इसको लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद 26 अप्रैल की सुबह पांच बजे आरोपी लाठी, डंडे और रॉड लेकर गाली-गलौज करते हुए उसके घर में घुस गए और महिला, उसके पति, पुत्र वधु और उसकी पोती पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। हमले में पीड़िता और पति बेहोश हो गए। 112 पर सूचना देने पर पहुंची पीआरवी की मदद से घायलों को इलाज के लिए सीएचसी फाजिलनगर पहुंचाया गया। रुपिया की तहरीर पर पुलिस शनिवार की देर शाम आरोपी सुभाष चंद्र चौहान, रामभरोसा, प्रेमशंकर, अजीत, विवेक, केवला देवी, संध्या चौहान निवासी रजवटिया सहित 11 नामजद लोगों के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने, धमकी देने सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।