पडरौना। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कॅरियर हब बनाया जाएगा। इसके लिए हर विद्यालय में कॅरिअर काॅर्नर स्थापित होगा। इस कार्य के लिए प्रत्येक विद्यालय को निर्देश दिए गए हैं। इसमें प्रोजेक्टर, कंप्यूटर, लैपटाॅप, मोबाइल के माध्यम से कॅरिअर संबंधी वीडियो दिखाई जाएंगी। ताकि छात्रों को अपने कॅरिअर का चयन करने की राह आसान हो सके।
जिले के सात राजकीय इंटर समेत कुल 22 राजकीय माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में करियर हब के रूप में कॅरिअर काॅर्नर स्थापित किया जाएगा। इसको जीवंत एवं आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न रंगों से सजाया जाएगा। इसमें कॅरिअर गाइडेंस के लिए एक शिक्षक को नोडल नामित किया जाएगा। इसमें यथासंभव प्रोजेक्टर, कम्प्यूटर, लैपटाॅप, मोबाइल आदि की व्यवस्था की जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को इससे संबंधित वीडियो भी दिखाया जा सके।
कक्ष में राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से उपलब्ध कराए गए वीडियो, पोस्टर, पंफलेट, बैनर, कार्ड, समाचार पत्र व अन्य सामग्री का प्रदर्शन किया जाएगा। इस कक्ष में विद्यार्थी अपने रुचि के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में कॅरिअर बनाने की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा शिक्षक- अभिभावक बैठक कर छात्र-छात्राओं में अधिगम स्तर को ऊंचा करने के लिए उन्हें प्रेरित किया जाएगा।
इस संंबंध में जिला समन्वयक माध्यमिक विष्णु प्रभाकर पांडेय ने कहा कि सभी राजकीय विद्यालयों में करियर कार्नर की स्थापना के लिए शासन की तरफ से निर्देश मिले हैं। इसके अनुपालन के लिए सभी राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्यों को अवगत करा दिया गया है।