कुशीनगर। बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए माध्यमिक बोर्ड की तरफ से हेल्प डेस्क बनाई है। इससे परीक्षार्थी लाभान्वित हो रहे हैं। हालांकि, इसके बारे में अब तक छात्र-छात्राओं को जानकारी नहीं है, जिससे उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
माध्यमिक परिषद की तरफ से बोर्ड परीक्षा में सभी विषयों की तैयारी के लिए एक्सपर्ट रखे गए हैं। इससे प्रदेश में परीक्षा देने वाले छात्रों को परीक्षा से संबंधित विशेष जानकारी मिल सकेगी। परीक्षा के दौरान कई छात्रों को तमाम तरह की समस्याएं होती है।
सभी समस्याओं को समझाने व उससे संबंधित जानकारी को लेकर बोर्ड तैयारी की है। कुछ विद्यालय संचालकों ने तो अपने विद्यालय में नामांकित विद्यार्थियों को इस हेल्प डेस्क की जानकारी दी है। विद्यालयों के बोर्ड परीक्षार्थी तो इसका लाभ लेकर परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं। लेकिन कई ऐसे विद्यालयों ने इस हेल्प डेस्क के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी नहीं दी, जिससे उन विद्यालय के विद्यार्थी अनजान हैं। प्रभारी डीआईओएस भूपेंद्र मिश्र ने बताया कि हेल्प डेस्क के बारे में जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के सूचना बोर्ड पर जानकारी साझा करने के लिए कहा गया था। यदि किसी विद्यालय में विद्यार्थियों को इसके बारे में जानकारी नहीं दी गई, तो उनसे जवाब तलब किया जाएगा।
सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक ली जा सकती है सलाह यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटर की शुरू होने वाली परीक्षाओं के दौरान छात्र-छात्राएं हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी की मदद से संपर्क कर सकते हैं। इनमें हेल्पलाइन नंबर 18001805310 और 18001805312 हैं।