चूल्हे की चिंगारी से 30 घर जले
- फोटो : अमर उजाला
सेवरही/तमकुहीरोड। पिपराघाट गांव के दहारी टोले में मंगलवार की देर रात चूल्हे की चिंगारी से फैली आग में 30 घर जल गए। टोले के लोगों और फायर ब्रिगेड के जवानों ने काफी मेहनत करके आग पर काबू पाया। इस घटना में 30 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मंगलवार की रात करीब 10 बजे अचानक एक घर से लपटें निकलने लगीं। शोर सुनकर अगल-बगल के लोग पहुंचे और आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन हवा के साथ उठती लपटों ने तेजी से अगल-बगल के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में सुरेश, जगदीश, विक्रमा, चंद्रमा, जालंधर, रामसकल, दूधनाथ, रामदेव, झोंटिल, गणेश, राधाकिशुन, गया, रामकृष्ण, सुरेंद्र, चंदेश्वर, लालबाबू आदि की झोपड़ी व उनमें रखे सारे सामान जल गए। बुधवार को लेखपाल गांव पहुंचे और अग्निपीड़ितों की सूची बनाकर मदद के लिए तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेजी। ग्राम प्रधान विद्यासागर सिंह ने अपनी तरफ से दैनिक सामग्री और भोजन का इंतजाम कराया। विधायक अजय कुमार लल्लू ने भी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी तथा उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।