पडरौना शहर में ज्वेलरी की दुकान पर खरीदारी करतीं महिलाएं ।संवाद
पडरौना। त्योहारों के सीजन में सराफा बाजार गुलजार हो गया है। भाई अपनी बहनों को खास उपहार देने के लिए सोने-चांदी के आभूषण बनाने का आर्डर दे रहे हैं। अंगूठी, पायल, चेन और कंगन की डिमांड सबसे ज्यादा है। ज्यादातर लोग हल्की चेन और लॉकेट सेट पसंद कर रहे है। दुकानदारों का कहना है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार करीब 20 फीसदी तक आर्डर बढ़े हैं।
शहर के सराफा बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ है। कारीगर लगातार जेवर बनाने में जुटे हैं। रक्षा बंधन 28 अगस्त को है। इसको लेकर पहले से ही खरीदारी शुरू हो गई है।
सराफा व्यापारी संजीव कुमार, उमंग खेतान, अंशुल जायसवाल, शिव वर्मा, लालजी वर्मा ने बताया कि आभूषण महंगे होने के नाते इस बार सबसे ज्यादा हल्के वजन के जेवर का आर्डर आ रहा है।
बहनें पांच से 10 ग्राम की सोने की अंगूठी, कान के टॉप्स और चांदी की पायल पसंद कर रही हैं। भाई लोग 15 हजार से 50 हजार तक का बजट रख रहे हैं। हल्की चेन और लॉकेट सेट भी खूब बिक रहा है।
आभूषण कारीगर राजू सोनी ने बताया कि पिछले 10 दिन से रात 10 बजे तक काम चल रहा है। रक्षा बंधन के लिए भाई-बहन नाम वाली कस्टमाइज्ड अंगूठी और ब्रेसलेट का ट्रेंड है। महिलाएं तीज के लिए हरी और मीनाकारी वाली चूड़ियां बनवा रही हैं।म