नरकहवा गांव में करंट की चपेट में आने से भैंस की मौत के बाद प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : KUSHINAGAR
करंट से भैंस मरी, नाराज ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
छितौनी। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के नरकहवा गांव में शनिवार को करंट की चपेट में आने से भैंस की मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। ये लोग जर्जर तार बदलने की मांग कर रहे थे।
खड्डा क्षेत्र के नरकहवा, दरगौली, छितौनी, बेलवनिया आदि गांवों में बिजली आपूर्ति के लिए खींचे गए तार जर्जर हो गए हैं। तार अक्सर टूटकर गिर जाते हैं। तार गिरने से उसकी चपेट में आने से एक सप्ताह के भीतर दो महिलाएं झुलस चुकी हैं।
शनिवार की सुबह नरकहवा गांव निवासी अलगू चौहान के दरवाजे पर बंधी भैंस के ऊपर तार टूटकर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद नाराज विजय चौहान, मुकेश यादव, सुरेश चौहान, राजू, रामचंद्र, अमर यादव, रमेश कुशवाहा आदि ने ग्राम प्रधान संतोष पासवान के नेतृत्व में प्रदर्शन कर जेई खड्डा समेत उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर जर्जर तार बदलवाने की मांग की।