कसया। नववर्ष के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी बुद्धनगरी में चहल-पहल बनी रही। पूरा दिन देशी व विदेशी पर्यटकों ने बुद्ध मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। प्रमुख दर्शनीय स्थलों सहित बौद्ध विहारों व नौकायन, झूला व बुद्धा घाट पर लोगों की भीड़ रही। पर्यटक अपनों संग मेले का लुत्फ उठाते नजर आए।
मुख्य महापरिनिर्वाण मंदिर, मांथा कुंवर मंदिर व रामाभार स्तूप परिसर में पूरा दिन देश-विदेश के पर्यटकों व सैलानियों का आगमन हुआ। लोगों ने महात्मा बुद्ध की लेटी प्रतिमा का दर्शन किया, वहीं रामाभार स्तूप पहुंचकर परिक्रमा व उसकी ऐतिहासिकता व प्राचीनता से रूबरू हुए।
दिनभर बुद्धनगरी में मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर रामाभार स्तूप तक लग्जरी वाहनों से लोगों की आवाजाही बनी रही। चाइना मंदिर, थाई मंदिर, जापान मंदिर, राजकीय बौद्ध संग्रहालय, म्यांमार मंदिर परिसर में लगे झूले, नौकायन, जंपिंग, ड्रैगन ट्रेन का भी लोगों ने आनंद लिया। चिल्ड्रन मनोरंजन पार्क में बच्चों ने झूला, रिंग व्हील समेत अन्य उपकरणों का आनंद उठाया। हिरण्यवती नदी के बुद्धा घाट के दूसरी तरफ बने समेकित पार्क में भी लोगों ने पहुंचकर सेल्फी ली और फोटो खिंचवाए।