बीएसए ने लेखाधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण
- नव नियुक्त शिक्षकों का वेतन न देने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तृतीय चरण में परिषदीय विद्यालयों में नियुक्त हुए शिक्षकों को अब तक वेतन नहीं मिला है। इसे गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने वित्त एवं लेखाधिकारी को पत्र जारी कर उनसे तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तृतीय चरण में परिषदीय विद्यालयों में नियुक्त हुए शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों को सत्यापन के लिए विभाग को भेजा गया है, लेकिन अब तक नहीं हो पाया है। ऐसी दशा में अभ्यर्थियों से नोटरी के आधार पर वेतन भुगतान करना है। इस आधार पर इन नवनियुक्त शिक्षकों का वेतन निर्गत करना है। इस संबंध में कई बार शिक्षक और शिक्षक संगठनों की तरफ से मिलकर मांग पत्र दिया गया है। इसके बावजूद अब तक वित्त एवं लेखाधिकारी की तरफ से इन शिक्षकों को वेतन निर्गत नहीं करने को गंभीरता से लेते वित्त एवं लेखाधिकारी को पत्र जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
बीएसए विमलेश कुमार ने बताया कि नवनियुक्त शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों का सत्यापन कार्य गतिमान है। ऐसे में उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नवनियुक्त शिक्षकों से नोटरी शपथ पत्र के आधार पर वेतन जारी करना है। लेकिन वित्त एवं लेखाधिकारी को इस संबंध में पत्र जारी करने के बाद भी अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई। इसलिए उन्हें पत्र जारी कर वेतन नहीं जारी करने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।