उजारनाथ। पटहेरवा थाना परिसर में उस समय हंगामा मच गया जब युवती को दो युवक पीटने लगे। पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों को कब्जे में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों युवक उसके भाई हैं। जो युवती के घर से भाग कर प्रेमी के पास लखनऊ जाने के प्रयास से नाराज थे। फिलहाल युवती व उसके दोनों भाई पुलिस हिरासत में हैं।
क्षेत्र की युवती कुछ माह पूर्व प्रेमी के पास लखनऊ चली गई थी। दोनों के परिवार वालों ने मामले को निपटा लिया था। युवती घर चली आई थी। इधर फिर प्रेमी-प्रेमिका मोबाइल से बात कर रहे थे। दूसरी ओर युवती के पिता ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। इसकी भनक लगते ही युवती ने प्रेमी से संपर्क किया और शनिवार दोपहर घर से निकल गई। उसके साथ उसकी सहेली भी थी। जो उसे बस में चढ़ाने आई थी।
वह पटहेरवा ओवरब्रिज के पश्चिमी छोर पर नहर के पास बस के इंतजार में थी कि उसके दोनों भाई पहुंच गए और उसे बाइक पर बैठा कर घर ले जाने लगे। जैसे वह थाना गेट के पास युवती पहुंची कि वह बाइक से कूद कर थाना परिसर की ओर भागने लगी। जब तक उसका भाई बाइक खड़ी करता, वह थाना परिसर में पहुंच गई। फिर दोनों भाई उसे थाना परिसर में पकड़ कर ही पीटने लगे।
यह देख थाना समाधान दिवस में आए फरियादी व मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवकों को पकड़ लिया। बाद में पता चला कि आरोपित व पीड़ित भाई बहन है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि मारपीट जैसे कोई घटना नहीं हुई। भाई बहन को जबरिया थाना परिसर से घर ले जाना चाहते थे। दोनों से पूछताछ की जा रही है। संवाद