दिनेश को टीका लगाती बहन। स्रोत-सोशल मीडिया।
पटहेरवा (कुशीनगर)। क्षेत्र के महुअवा गांव में शनिवार को रक्षाबंधन के दिन 25 वर्ष से बिछड़ा भाई अचानक बहन के घर पहुंचा। यह देख बहन खुशी से रो पड़ी। यह खबर बहन ने अपने मायके को दी तो वहां भी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। राखी बंधवाने बहन के घर पहुंचे मायके के लोग बेटे को घर ले गए। पडरौना क्षेत्र के सेमरिया निवासी दिनेश मिश्र 25 वर्ष पूर्व 2001 में अचानक एक दिन घर छोड़ कर चले गए थे। परिजनों ने उन्हें बहुत ढूंढ़ा, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया।
उन्हें परिवार लोग मृत मान कर सब्र कर लिए थे, लेकिन रक्षाबंधन के दिन बहन की याद में शनिवार की सुबह नाम पता पूछते दिनेश मिश्र महुअवा पहुंचे। बहन ने जब भाई को देखा तो फूट-फूटकर रोने लगी। दिनेश भी बहन को देखकर बिलख कर रोने लगे। बहन ने भाई को राखी बांधकर यह सूचना मायके वालों को दी। मायके के लोग भी वहां पहुंचे और दिनेश को घर ले गए। दिनेश ने बताया कि उन्हें अपनी बहन का नाम व पता हमेशा याद रहा। बहन को कभी नहीं भूला था। इसलिए वह सीधे रक्षाबंधन के दिन ही बहन के घर पहुंचे। 25 साल बाद रक्षाबंधन के दिन ही बिछड़े भाई को देखकर बहन व उसके मायके के लोगों का खुशी का ठिकाना नहीं रहा।