गिरफ्तार सुग्रीम। स्रोत-सोशल मीडिया
कुशीनगर। चौराखास थाना क्षेत्र के घोड़ाघाट पुल के समीप बुधवार की देर रात को पुलिस और बाइक सवार पशु तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पैर में गोली लगने से पशु तस्कर घायल हो गया। पुलिस ने एक तमंचा, एक बाइक बरामद किया। पशु तस्कर पर 25 हजार रुपये का इनाम था। वह तमकुहीराज थाना क्षेत्र का गैंगस्टर भी है। चौराखास पुलिस को देर रात को सूचना मिली कि इनामी पशु तस्कर बाइक से आ रहा है। स्वाट टीम, पटहेरवा और चौराखास पुलिस ने योजना बनाकर घोड़ाघाट पुल पर घेराबंदी की। बाइक सवार आते पशु तस्कर को रोकने के लिए पुलिस ने इशारा किया तो वह भागने की कोशिश करने लगा। कुछ दूरी पर खड़ी पुलिस की टीम ने उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख पशु तस्कर तमंचे से पुलिस पर फायर झोंक दिया।
खुद का बचाव करते हुए पुलिस कर्मियों की ओर से की गई फायरिंग में पशु तस्कर के पैर में गोली लग गई और वह जमीन पर गिर गया। उसके पास से एक तमंचा और एक बाइक पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने पशु तस्कर की पहचान कसया थाना क्षेत्र के पकड़ियहवा भैसहा गांव निवासी सुग्रीम कुशवाहा के रूप में की। पशु तस्कर के खिलाफ 25 हजार रुपये का इनाम था। इसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी तमकुहीराज पुलिस की ओर से की गई है। एसपी कुशव कुमार ने बताया कि पशु तस्करों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए पूरा प्लान तैयार किया गया है। संवाद