कुशीनगर जनपद के खड्डा क्षेत्र के मठिया बुजुर्ग गांव में दशहरा के उपलक्ष्य में लगे मेले में अभिनेता व सांसद रवि किशन कुश्ती के अखाड़े में उतरे। यहां उन्होंने कुशीनगर के सांसद के साथ कुश्ती लड़ी।
हर साल की भांति 95वें वर्ष भी कुशीनगर जनपद के खड्डा क्षेत्र के मठिया बुजुर्ग गांव में दशहरा के उपलक्ष्य में मेला लगा। शुक्रवार को दशहरा मेला और शनिवार को विराट कुश्ती का आयोजन हुआ। इसमें प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए तथा स्थानीय पहलवानों ने कुश्ती कला का प्रदर्शन करते हुए दांव आजमाए।
विज्ञापन
यहां अभिनेता एवं गोरखपुर के सांसद रवि किशन और कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दुबे के बीच भी कुश्ती का मुकाबला देखने को मिला। लगभग दो मिनट तक दोनों एक-दूसरे को आजमाते रहे और दांव चलते रहे। अंततः दोनों की कुश्ती बराबर रही। दोनों लोग कपड़ा पहने ही अखाड़ा में उतरे थे। दोनों ने अपने इस प्रदर्शन से ग्रामीण जीवन में रची बसी प्राचीन समय से चली आ रही कुश्ती कला को प्रोत्साहित किया तथा युवकों से इस कला को जीवित रखने का आह्वान किया। दोनों को कुश्ती लड़ते देख दर्शकों ने खूब ताली बजाई।