सड़क किनारे पलटी बोलेरो, बालक की मौत, छह घायल
हाटा। कोतवाली क्षेत्र के पटना गांव के पास देवरिया-हाटा रोड के किनारे रविवार को बरात से लौट रही बोलेरो पलट गई। बोलेरो में बैठे सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। घायलों का इलाज चल रहा है।
शनिवार की शाम कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव मलुकही निवासी अभिमन्यु गौड़ के लड़के की बरात महुआडीह थाना के गांव रामपुर गौनरिया गई थी। आधी रात बाद बरात से सात लोगों को लेकर बोलेरो मलुकही के लिए चली। इसमें मलुकही निवासी आठ वर्षीय अंशु गोड़, दस वर्षीया दिव्या गोंड़, 12 वर्षीया मधु गौड़, 26 वर्षीया मीना, सात वर्षीया अंशीका, पांच वर्षीय दिग्विजय व आठ वर्षीय विनय बैठे थे। बोलेरो हाटा कोतवाली क्षेत्र के पटना गांव के पास पहुंची कि अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बोलेरो में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को हाटा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां रविवार की दोपहर इलाज के दौरान अंशु गौड़ की मौत हो गई। जबकि शेष घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।