दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव से लापता 18 वर्षीय युवती का शव रविवार को लक्ष्मीपुर गांव के सामने नारायणी नदी में मिला। ईयरफोन के तार से बंधे बोरे में कंबल से लिपटा युवती का शव देख नाविक ने पुलिस को सूचना दी। शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुछ दिन पहले युवती के घरवालों ने हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाया था। पुलिस अपहरण का केस दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर कोठी निवासी टुनटुन शर्मा की शादी चार वर्ष पहले बिहार के डीही मुसहरी गांव में बबिता के साथ हुई है। टुनटुन के भाई राजा का बबिता की बहन ममता से प्रेम हो गया। दोनों ने 29 अक्तूबर को घर से भागकर शादी कर ली थी। एक माह बाद दोनों घर आए और बबिता मायके चली गई। उधर, चार दिन पहले किसी ने फोन पर सूचना दी कि ममता की हत्या कर दी गई है। दो दिन पहले मायकेवालों ने फोन कर युवती से बातचीत करने की कोशिश की थी। बात कराने से युवक आनाकानी करने लगा। मायकेवालों ने घर आकर देखा तो घर पर कोई नहीं था और ताला बंद मिला। युवती के पिता ने विशुनपुरा पुलिस को तहरीर देकर हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाया था।
इस मामले में पुलिस अपहरण का केस दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। रविवार की सुबह एक नाविक ने लक्ष्मीपुर गांव के सामने नारायणी नदी में बोरी में शव देख इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर बरवापट्टी व विशुनपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और लापता युवती ममता के रूप में शव की शिनाख्त की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोरी का मुंह ईयरफोन के तार से बंधा था। बोरी खोलने पर कंबल से लिपटा हुआ युवती का शव मिला। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि इस मामले में युवक के पिता रामनाथ शर्मा ने युवती की गुमशुदगी का केस दर्ज़ कराया है। सीओ जितेंद्र कालरा ने बताया कि युवती का बोरे में भरा शव नदी में मिला। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।