पत्नी खाना लेकर लौटी तो फंदे से लटका मिला पति का शव, पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
भैंसहा पकड़िहवा के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-28 के किनारे स्थित न्यू कुशीनगर ढाबे का मामला
पकवाइनार (कुशीनगर)। कसया थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-28 के किनारे स्थित न्यू कुशीनगर ढाबे पर सोमवार देर रात एक कर्मचारी का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
रामकोला थाना क्षेत्र के जमुनिया ठेकुआटार गांव निवासी सरफराज आलम (31) पुत्र विकाऊ पिछले करीब एक महीने से न्यू कुशीनगर ढाबे पर काम कर रहा था। वह पत्नी सब्बो के साथ ढाबे पर ही रहता था। सोमवार रात करीब 11:30 बजे उसकी पत्नी खाना लेने के लिए ढाबे के अंदर गई थी। खाना लेकर लौटने पर उसने कमरे में एस्बेस्टस की छत में लगी कुंडी से दुपट्टे के सहारे सरफराज का शव लटका देखा। यह देखकर वह चीखने-चिल्लाने लगी।
उसकी आवाज सुनकर ढाबा मालिक नदीम और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में सरफराज को नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि सरफराज सोमवार को छुट्टी पर था। दोपहर में ढाबे पर आने के बाद उसने कुछ देर काम किया और रुपये लेकर चला गया। शाम को लौटने पर उसने पेट में दर्द होने की बात कही थी। इसके बाद दवा लेने जाने की बात कहकर वह बाहर निकला। कुछ देर बाद लौटकर अपने बिस्तर पर लेट गया था।
घटना की सूचना पर कुशीनगर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के मोबाइल फोन समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद पत्नी सब्बो का रो-रोकर बुरा हाल है।
कसया थाना प्रभारी इत्यानंद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।