रामकोला। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को रामकोला तिराहे पर प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम कप्तानगंज को ज्ञापन दिया। भाजपा के लोग रामकोला की सड़कों की मरम्मत और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने सहित सात मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
भाजपा के पूर्व विधायक मदन गोविंद राव ने कहा कि कस्बे की सीमा के अंतर्गत 1300 मीटर सड़क बनवाने के लिए आवंटित धन लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदारों ने हजम कर लिया है।
उनका कहना था कि इसमें प्रदेश सरकार के कुछ नुमाइंदे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि से बर्बाद हुए किसानों की फसलों का मुआवजा अब तक नहीं दिया गया। सर्वे करने वाले लेखपाल सूची में नाम शामिल करने के लिए किसानों से रुपये मांग रहे हैं।
भाजपा नेता ब्रह्माशंकर चौधरी ने कहा कि प्रदेश में माफि याओं का वर्चस्व है। किसान और आम नागरिक अपने हक के लिए परेशान हैं। मौके पर पहुंचे एसडीएम सचिन सिंह को सात मांगों का ज्ञापन सौंपकर भाजपा नेताओं ने प्रदर्शन बंद किया।
एसडीएम ने कहा कि चार दिन के अंदर नगर सीमा की सड़क का निर्माण शुरू हो जाएगा।
धन आते ही किसानों को मुआवजा भी दे दिया जाएगा। इस दौरान तहसीलदार बीएन सिंह, एसओ सौदागर राय, भाजपा के प्रेमचंद मद्धेशिया, उमेश तिवारी, नागेश्वर पांडेय, कुलदीप सिंह, भानु प्रताप सिंह, संतोष जायसवाल, ओंकार सिंह आदि उपस्थित थे।