भाजपा, कांग्रेस और सपा ने की प्रत्याशियों की घोषणा
कुशीनगर। जनपद की विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर बना सस्पेंस रविवार की देर रात कम हो गया। भाजपा ने रविवार की देर रात जहां दो सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी तो सोमवार को कांग्रेस ने तीन और सपा ने एक उम्मीदवार घोषित किया।
रविवार की देर रात भाजपा ने सदर विधानसभा सीट से मनीष जायसवाल उर्फ मंटू को प्रत्याशी घोषित किया तो दूसरी ओर रामकोला (सुरक्षित) विधानसभा सीट से जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष विनय प्रकाश गौड़ को अपना उम्मीदवार घोषित किया।
सोमवार को कांग्रेस ने जनपद की तीन विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। इनमें पडरौना से युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहम्मद जहीरुद्दीन, फाजिलनगर से मनोज उर्फ सुनील सिंह और खड्डा से धनंजय सिंह पहलवान का नाम शामिल है।
इसके अलावा सोमवार को सपा ने भी एक उम्मीदवार की घोषणा की। पडरौना विधानसभा सीट से पूर्व ब्लॉक प्रमुख विक्रमा यादव को प्रत्याशी घोषित किया है।