तुर्कपट्टी। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के परसौनी खुर्द के समीप खाड़ पुल के पास शुक्रवार दोपहर दो बाइकों की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी भेजा। गंभीर रूप से घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि तीन अन्य का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
कुबेरस्थान-तुर्कपट्टी मार्ग पर परसौनी खुर्द के दक्षिण खाड़ पुल के पास परसौनी के 20 वर्षीय शैलेश और 25 वर्षीय बसंत एक बाइक से कुबेरस्थान से तुर्कपट्टी की ओर जा रहे थे। दूसरी तरफ से बाइक से 25 वर्षीय अमित यादव और 16 वर्षीय अंकित यादव निवासी छहूं चौराहा आ रहे थे।
गति तेज होने से दोनों अपनी बाइक को नियंत्रित नहीं कर पाए। दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची कुबेरस्थान पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी कुबेरस्थान पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान अंकित कुमार यादव की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि अंकित तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।उसके पिता मोहन यादव की करीब पांच वर्ष ही पूर्व मृत्यु हो चुकी है। परिवार संभालने की जिम्मेदारी बड़े भाइयों पर थी।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां सरोज देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।