मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के सोनवल गांव के सामने रविवार की सुबह कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर आई पुलिस ने कार और बाइक को कब्जे में लेकर थाने चली गई और घायल को एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर धूस भेजवा दिया। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने युवक को गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजन कसया के एक निजी अस्पताल में युवक का इलाज करा रहे हैं।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के चिरईहवा गांव के निवासी 18 वर्षीय अमृत कुशवाहा पुत्र रामबृक्ष कुशवाहा सुबह करीब सात बजे अपनी बाइक से बहन के घर जा रहा था। अभी वह सोनवल गांव के सामने ही पहुंचा था कि पडरौना की तरफ से आ रही कार से बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और कार के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बाइक सवार अमृत गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर आई पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज भेजवाया। इंस्पेक्टर ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि कार व बाइक को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है। अभी इस मामले में तहरीर नहीं मिली है।