खड्डा। क्षेत्र के पनियहवा पुल पर बुधवार देर रात कार और बाइक की टक्कर बाइक सवार किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घर वालों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहना था।
खड्डा थाना क्षेत्र के सालिकपुर गांव निवासी मुन्ना (14) पुत्र विनोद अपने गांव के राहुल (13) पुत्र भुआली तथा रिश्तेदार प्रिंस (10) पुत्र जितेंद्र को बाइक पर बैठाकर पनियहवा पुल की तरफ घूमने गया था। देर रात तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पनियहवा पुल के पास एक चारपहिया वाहन से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि बाइक सवार तीनों किशोर सड़क पर गिरकर अचेत हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों को सीएचसी तुर्कहां पहुंचाई, जहां चिकित्सकों ने मुन्ना को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल और प्रिंस की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि पनियहवा पुल के पास हादसे में किशोर की मौत हुई है, जबकि दो किशोर घायल हैं। मेडिकल कालेज में उ का उपचार चल रहा है।