तमकुहीरोड। सेवरही के दमकला घाट के पास शुक्रवार को तमकुहीराज से लक्ष्मी प्रतिमा का विसर्जन करने आए एक बाइक सवार की सामने से आ रहे ट्रैक्टर से भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद लोगों ने घायलों को तमकुहीराज सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्राथमिक उपचार कर गंभीर रूप से घायल दो युवकों को मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। सेवरही पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बिशुनपुरा से कुछ लोग लक्ष्मी प्रतिमा के विसर्जन के लिए शुक्रवार को सेवरही के दमकला घाट आए थे। गांव के लोगों के साथ एक बाइक पर सवार तीन युवक भी आए थे। बाइक सवार जैसे ही जीन बाबा स्थान के रास्ते दमकला घाट के पास पहुंचे ही थे कि बिहार के भुआल पट्टी (बिहार) की तरफ से आ रहे एक ट्रैक्टर से आमने-सामने की भिडंत हो गई। इससे बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को तमकुहीराज सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने डॉक्टर ने 24 वर्षीय सत्येंद्र पटेल को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल 20 संदीप चौहान निवासी ग्राम सभा बिशुनपुरा, टोला तुलसी पट्टी और 22 वर्षीय सुजीत कुशवाहा निवासी ग्राम सभा बिशुनपुरा थाना तमकुहीराज की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सेवरही के एसएचओ धीरेंद्र कुमार राय व सेवरही पुलिस चौकी इंंचार्ज घटना स्थल पहुंचे और ट्रैक्टर चालक व ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर सत्येंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।