तमकुहीराज। लक्ष्मीपुर बुजुर्ग निवासी बाइक सवार को गोपालगंज मद्य निषेध विभाग ने 18 लीटर देसी शराब के साथ रविवार को पकड़ा है। उसे जेल भेज दिया गया है।
अधीक्षक मद्य निषेध गोपालगंज अमृतेश कुमार ने बताया कि रविवार सुबह जांच टीमें यूपी से लगी सीमा पर गुजर रहे वाहनों की जांच कर रही थीं। इसी दौरान गोपालपुर थाना क्षेत्र के कोटनरहवा स्थित बगीचे के समीप बाइक सवार को रोककर जांच की गई तो देसी शराब के 90 टेट्रा पैक बरामद हुए। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर बुजुर्ग निवासी आलोक पांडेय के रूप में हुई है। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया हाईवे स्थित बलथरी चेकपोस्ट से गुजरने वाले वाहनों की जांच के लिए आधुनिक यंत्र लगाए गए हैं। इस कारण तस्कर वाहनों के साथ आसानी से पकड़े जा रहे हैं। इससे बचने के लिए तस्कर दूसरे रास्तों से बिहार में दाखिल हो रहे हैं। इन्हें रोकने के लिए सभी रास्तों पर जांच टीमें सक्रिय हैं।