पटहेरवा। स्थानीय थाना क्षेत्र के फोरलेन पर स्थित काजीपुर क्राॅसिंग के पास शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े चार बजे बाइक सवार 22 वर्षीय युवक को डीसीएम ने कुचल दिया। इस दौरान बाइक डीसीएम में फंस गई, जिसे 10 मीटर तक वह घसीटता रहा।
इससे दुर्घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक और डीसीएम कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद चालक मौके से भाग गया।पटहेरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कूचियां मठिया निवासी अरबाज (22) पुत्र सकुरल्लाह शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े चार बजे बाइक से फोरलेन पर काजीपुर क्रॉसिंग पार कर फाजिलनगर की तरफ जा रहा था।
अभी वह क्रॉसिंग के कुछ ही आगे पहुंचा था कि सामने से आ रहे डीसीएम ने बाइक सहित युवक को कुचल दिया। डीसीएम के नीचे बाइक सहित घसीटते हुए करीब दस मीटर तक चला गया। बाइक डीसीएम में फंसने के बाद चालक ने गाड़ी रोकी। दुर्घटनास्थल पर ही बाइक सवार युवक की मौत हो गई।