पडरौना। तमकुहीरोड बनरहा नहर की पटरी से दवनहा गांव की तरफ जाने वाली मार्ग पर बुधवार की देर रात एक बाइक सवार आगे जा रहे ट्रैक्टर से टकरा गया। इससे बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर आई पुलिस उन्हें सेवरही सीएचसी भेजवाई, जहां डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दो घायलों की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा चाफ निवासी 24 वर्षीय विनय मौर्य अपने दोस्त 25 वर्षीय विवेक पटेल और 21 वर्षीय सुनील के साथ बाइक से बुधवार की रात एक रिश्तेदार के घर शादी में शामिल होने जा रहे थे। अभी वे सेवरही थाना क्षेत्र के ग्राम सभा दवनहा गांव की तरफ से जाने वाले रास्ते पर पहुंचे ही थे कि आगे जा रहे एक ट्रैक्टर में पीछे से भिड़ गए। इससे बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर आए एसआई साहब लाल यादव घायलों को सेवरही सीएचसी भेजवाया, जहां डॉक्टर ने विनय को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल विनय और सुनील को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर कर दिया। इस संबंध में सेवरही थाना के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार यादव ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे पीएम के लिए भेज दिया गया है और टैक्टर पुलिस के कब्जे में है। चालक फरार हो गया है।