मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के मठिया प्रसिद्ध तिवारी के हसना टोले के समीप शनिवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे युवक ने इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर में दम तोड़ दिया। दोनों रिश्ते में जीजा-साले थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार की सुबह तहरीर के आधार पर पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुटी है। दोनों रिश्ते में जीजा-साला थे। घटना के बाद से ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बबुइया हरपुर गांव के खरसाल टोला निवासी 28 वर्षीय सतीश शनिवार की देर रात बाइक से अपनी ससुराल नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के कौव्वासार गांव के काशी टोला जा रहे थे। सतीश के साथ उनके साले 18 वर्षीय गोरख पुत्र धनिक्षण भी बाइक पर सवार थे। मठिया प्रसिद्ध तिवारी गांव के हसना टोले के सामने नहर पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों पेड़ से टकरा गए।
घटनास्थल पर ही गोरख की मौत हो गई। जबकि इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में सतीश ने भी दम तोड़ दिया। गोरख काफी पहले से ही अपने जीजा के वहां बबुइया हरपुर रहकर बाजार में सब्जी बेचता था। जबकि, सतीश बाहर रहकर नौकरी करते थे। दो माह पहले घर आए थे। इस संबंध में एसओ मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। घरवालों की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
घर का कमाऊ सदस्य था सतीश, गृहस्थी की चिंता : सतीश घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वे बाहर रहकर वेल्डिंग का काम करते थे। घर में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। लोगों का कहना है कि सतीश के पास खेत भी नहीं है। जब कमाते थे तो घर का खर्च चलता था। अब उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस परिवार का खर्च कैसे चलेगा, यह एक सवाल है। दोनों की मौत से परिवार समेत आसपास के लोग काफी दुखी है।