- खड्डा क्षेत्र के मठिया बुजुर्ग गांव के पास हुआ हादसा, तीन घायल
- पैदल मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था मृतक
खडडा। खड्डा क्षेत्र के मठिया बुजुर्ग गांव में सड़क किनारे शराब की दुकान पर लगी भीड़ के चलते पिकअप चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे से आ रहे बाइक चालक ने पिकअप में ठोकर मार दी। इसी दौरान मांगलिक कार्यक्रम में जा रहा शख्स बाइक की चपेट में आ गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
खड्डा क्षेत्र के मठिया बुजुर्ग गांव में सड़क किनारे शराब की दुकान है। सोमवार देर रात मठिया गांव निवासी कन्हैया रौनियार (50) घर से पैदल एक मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे थे। अभी वह शराब की दुकान के पास पहुंचे थे कि एक पिकअप पहुंचा, चालक ने भीड़ देखकर अचानक ब्रेक लगा दी। पीछे से आ रहे बाइक चालक ने बचाव में अपनी वाहन दूसरे तरफ मोड़ दिया। पैदल जा रहे कन्हैया इसकी चपेट में आ गए। इसके अलावा बाइक चालक समेत तीन और लोगों को चोटें आईं। चालक व पैदल जा रहे कन्हैया को तुर्कहा सीएचसी पर लोगों ने पहुंचाया। हालत गंभीर बताते हुए डॉक्टर कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इस दौरान कन्हैया की मौत हो गई। बाइक चालक का इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।