चीनी मिल गेट पर भाकियू ने दिया धरना
- फोटो : अमर उजाला
कप्तानगंज। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कप्तानगंज शुगर फैक्ट्री के गेट पर गन्ना मूल्य भुगतान सहित पांच मांगों को लेकर धरना - प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चला यह आंदोलन मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपे जाने के साथ समाप्त हुआ।
भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह और जिला प्रभारी गुलबदन यादव की अगुवाई में आंदोलन करने पहुंचे भाकियू कार्यकर्ता कप्तानगंज शुगर फैक्ट्री प्रशासन से किसानों के बकाए का तुरंत भुगतान करने, सहकारी बैंकों का संचालन शुरू कराने, गांवों में कैंप लगाकर आवास, पेंशन व राशन कार्ड वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग कर रहे थे। कार्यकर्ताओं पूर्ति एवं विपणन विभाग में व्याप्त अनियमितता को दूर करने तथा खाद्यान्न की कालाबाजारी पर रोक लगाने की भी मांग की। प्रदर्शनकारियों ने सभी सरकारी और सहकारी गोदामों पर धान का बीज एवं खाद उपलब्ध कराने की मांग भी की। मौके पर पहुंची तहसीलदार प्रियंका चौधरी ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन लिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया। इस दौरान रमाकांत तिवारी, श्रीराम सिंह, रमाशंकर यादव, ओमप्रकाश सिंह, राकेश कुशवाहा, विद्यासागर कुशवाहा, रामनरेश, राम प्रसाद गुप्ता, पारस चौहान, सुरेंद्र राजभर सहित तमाम लोग मौजूद थे।