पडरौना। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर के सभागार में मंगलवार को डीएम की अध्यक्षता में बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इसमें डीएम ने बोर्ड परीक्षा में नामित अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता एवं तन्मयता के साथ मिली जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा में शुचिता का पूरा ध्यान रखा जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएम विशाल भारद्वाज ने बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लोग चर्चा की। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 152 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को नकल विहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, छह जोनल मजिस्ट्रेट, 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 152 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की डयूटी लगाई गई है।
परीक्षा की निगरानी करने के लिए सचल दल बनाए गए हैं। इसके अलावा डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
डीएम ने कहा कि बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराना सभी का दायित्व है। प्रश्नपत्रों, उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखने से लेकर परीक्षा केंद्रों पर वितरण कराने, परीक्षा के दौरान सतत निगरानी करने में पूरी ईमानदारी बरतें। कहीं पर भी अनियमितता या लापरवाही मिली तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरा संचालित रहे, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, फर्नीचर, बाउंड्री वॉल बैठने की समुचित व्यवस्था कराए। सेक्टर मजिस्ट्रेट पूर्व में ही सभी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर लें। सुरक्षा कर्मियों के अलावा शस्त्र केंद्रों पर अंदर ले जाना वर्जित है, परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर आदि कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूर्णतया प्रतिबंधित है।
एडीएम वैभव मिश्रा ने कहा कि हर स्तर पर पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। किसी भी दशा में निर्धारित ड्यूटी अथवा नियमों के इतर कार्य नहीं करना है।
एएसपी रितेश कुमार ने कहा कि परीक्षा को शासन की मंशा के अनुसार कानून व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था कराई गई है। किसी भी दशा में कोई समस्या अथवा अराजक तत्वों के कारण कोई व्यवधान आने पर सख्ती से निपटा जाएगा। इस दौरान विभागीय पर्यवेक्षक लालजी यादव आदि मौजूद रहे।