तमकुहीराज। क्षेत्रीय भाजपा विधायक के प्रस्ताव की स्वीकृति देते हुए पर्यटन मंत्रालय ने क्षेत्र के पथरवा स्थित बौरहवा बाबा (प्राचीन शिव मंदिर) को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की कार्य योजना को मंजूरी दी है। क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल चेरु कालीन बौरहवा बाबा स्थल के सुंदरीकरण एवं पर्यटन विकास कार्य को करीब 80 लाख रुपये के लागत से कराया जाएगा।
तमकुहीराज विधायक डॉ. असीम कुमार ने क्षेत्र के पथरवा स्थित बौरहवा बाबा मंदिर (प्राचीन शिव मंदिर) को पर्यटक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रस्ताव पर्यटन मंत्रालय को भेजा था। मंत्रालय की ओर से शिव मंदिर के ऐतिहासिक व बेहतर भौगोलिक की जानकारी के बाद विधायक के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए शिव मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए करीब 80 लाख रूपये जारी कर दिया है। शिव मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय), गोरखपुर यूनिट-42 को सौंपी गई है, जो तकनीकी रूप से इसे क्रियान्वित करेगी। इसके अंतर्गत पथरवा के बौरहवा बाबा मंदिर परिसर में भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण व साज-सज्जा, यज्ञ स्थल, बेहतर लाइटिंग व हरा-भरा वातावरण, बेहतर पेयजल व्यवस्था, फव्वारे आधुनिक सुविधाओं से युक्त मंच, विश्राम स्थल, महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग प्रसाधन, पॉथ- वे, पेवर ब्लॉक, उद्यानिक सजावट आदि विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावे आसपास के क्षेत्र को एक आधुनिक, सुंदर और सुविधाजनक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। मंत्रालय की ओर से साझा किए गए प्रस्तावित नक्शे में यह स्पष्ट रूप से दर्शाया गया है कि यह स्थल केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि पारिवारिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी आदर्श स्थान बनेगा। तमकुहीराज विधायक डॉ. असीम कुमार ने बताया कि यह स्थल आस्था और प्रकृति का संगम है। वर्षों से उपेक्षित इस पौराणिक शिव मंदिर को पर्यटन मानचित्र पर स्थान दिलाने का यह प्रयास स्थानीय विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय रोजगार भी सृजित होंगे।