पडरौना। बीते करीब एक सप्ताह से लगातार बढ़ रहे तापमान की वजह से बच्चों की सेहत पर असर दिखाई देने लगा है। एक से पांच वर्ष उम्र के बच्चों के अलावा बड़े और बुजुर्ग लोगों में दस्त, डायरिया, जुकाम व बुखार आदि समस्याएं बढ़ गई हैं। रविवार को जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित जन आरोग्य मेले में वायरल संक्रमण से पीड़ित बच्चे दिखाई दिए। चिकित्सकों ने इलाज के साथ अभिभावकों को विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी।
लक्ष्मीगंज संवाद के अनुसार न्यू पीएचसी लक्ष्मीगंज में लगे आरोग्य मेले में कुल 70 लोगों का उपचार हुआ। चिकित्साप्रभारी डाॅ. संतोष कुमार नायक ने बताया कि बहुत तेज गर्मी पड़ने पर शरीर उसे बर्दाश्त नहीं कर पाता है। ऐसे में तेज बुखार, चक्कर आना, उल्टी और कमजोरी महसूस होने लगता है, तो लू लगने के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में डॉक्टर को तुरंत दिखाएं। उन्होंने बताया कि दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में न जाएं। खूब पानी पिएं, ओआरएस का घोल, नींबू पानी, छाछ पिए और ढीले व हल्के कपड़े पहनें। सिर ढककर बाहर निकले। उन्होंने बताया कि आरोग्य मेला में आए डम्मर छपरा के गया कुशवाहा, नेवचा टोला के गगन यादव, टामस टोला के कमली देवी, शकुंतला देवी, अंसारी टोला के हमीद को मधुमेह की शिकायत थी। वहीं भटवलिया के सुशील, बस स्टैंड के मधु, बढई टोला के खुशबू खातून, नाजिया, पुष्पा को खुजली की शिकायत थी। इन्हें दवा के साथ बचाव के उपाए बताए गए हैं। वहीं लैब टेक्नीशियन तृप्ति ने बताया कि चर्मरोग के 20, मधुमेह के 15, टायफाइड के तीन, क्षयरोग के दो और बुखार के 15 मरीजों की जांच की गई।
बोदरवार संवाद के अनुसार न्यूपीएचसी बोदरवार में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन अयोग्य मेला में दस्त, खांसी और बुखार के सर्वाधिक मरीज पहुंचे। प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. संजय भारद्वाज व डॉ. प्रीति सिंह ने बताया कि मौसम में परिवर्तन के दौरान लोगों को वायरल फीवर होता है। मौसम में अचानक गर्मी बढ़ने के कारण नाक से खून का रिसाव, आंखों में चुभन व खुजली के साथ आंख से पानी आना सामान्य लक्षण है। इससे बचने के लिए लोगों को अधिक से अधिक पानी का पीना चाहिए। तेज धूप में घर से बाहर निकलें तो ठंडे पानी से अपने आंखों को धुल लें। घर के आसपास गंदगी न फैलने दें।
गंगुआ बाजार संवाद के अनुसार समउर बाजार स्थित न्यू पीएचसी में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला में कुल 20 मरीज पहुंचे। डॉ. सीमा यादव ने बताया कि आरोग्य मेला में शुगर के चार, बुखार के चार, त्वचा रोग के पांच और अन्य रोगों के पांच मरीज पहुंचे। उन्हें दवा के साथ बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए हैं।
उजारनाथ संवाद के अुनसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करमैनी में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में वायरल बुखार, सर्दी-खांसी और अन्य मौसमी बीमारियों के सर्वाधिक मरीज पहुंचे। इन मरीजों में सर्वाधिक मरीजों की संख्या बच्चों की रही। डॉ. संजय कुमार ने बताया कि इन दिनों मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोगो में सर्दी, खुजली, जुकाम और वायरल बुखार के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। कभी सुबह ठंड तो कभी गर्मी के कारण लोगों की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। मेले में आए मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। दोपहर दो बजे तक कुल 27 मरीजों का जांच एवं उपचार किया गया। इनमें अधिकांश मरीज वायरल बुखार और सर्दी-खांसी से पीड़ित पाए गए। उन्होंने बताया कि बदलते मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। खासकर वायरल बुखार से ग्रसित मरीजों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इस दौरान जमील अहमद वारसी, शंभू शरण पांडेय, रामजी कुशवाहा, अशोक कुशवाहा आदि मौजूद रहे।