गंडक नदी में फंसी नाव, सौ किसान थे सवार
- सभी सुरक्षित, एसओ ने नाव संचालन बंद कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवापट्टी। अमवाखास के निकट गंडक नदी में सोमवार की रात करीब आठ बजे एक बार फिर नाव फंस गई। तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित करीब सौ लोग सवार थे। नाव बीच धार में फंस गई थी। यह सभी किसान दियारा क्षेत्र से खेती करके घर वापस लौट रहे थे। नाव का इंजन खराब हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह सभी किसानों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इसके बाद नाव का संचालन बंद करा दिया गया है।
नाव संचालकों की लापरवाही के चलते नदी में नाव फंसने की घटना लगातार हो रही है। सोमवार की रात फिर एक नांव नदी में फंस गई। इसमें लगभग 100 लोग सवार थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बरवापट्टी थाने के एसओ सुरेश चंद्र राव ने नदी में फंसे सभी लोगों को दूसरी नाव से सुरक्षित बाहर निकलवाया। उन्होंने नाव के संचालन पर रोक लगा दी। एसओ ने बताया कि नाव संचालक की लापरवाही से लगातार कई घटनाएं हो चुकी हैं। कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। इसी को लेकर नाव का संचालन बंद कराया गया है।