पकड़ियार बाजार। खड्डा क्षेत्र के बरवा रतनपुर-नौगावा महेसर मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। 6.4 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण कार्य पर शासन की तरफ से छह करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण पूरा होने के बाद सड़क की चौड़ाई पांच मीटर हो जाएगी, जिससे आवागमन पहले की अपेक्षा और अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।
यह मार्ग बरवा रतनपुर, नौगावा महेसर, खजुरी सहित आसपास के कई गांवों को जोड़ती है। वर्षों पहले बनी सड़क जर्जर और संकरी हो चुकी थी। समय पर मरम्मत नहीं होने की वजह से सड़क पर जगह-जगह गड्ढ़े बन गए हैं। हल्की बारिश होने पर सड़क पर बने गड्ढ़ाें में पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी होने के साथ छोटी मोटी दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता था। दो बड़े वाहनों के आमने-सामने आने पर जाम जैसी स्थिति बन जाती थी। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते थे। क्षेत्रीय लोगों की तरफ से सड़क के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। लोगों की मांग को गंभीरता से लेते हुए खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय की पहल पर शासन से स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सड़क को पांच मीटर चौड़ा करने के साथ ही गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुदृढ़ीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है। निर्माण पूरा होने पर ग्रामीणों को बाजार, विद्यालय, अस्पताल और तहसील मुख्यालय तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिलेगी। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन तेज प्रताप ने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है। निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।