तमकुहीरोड। माघ मेला को लेकर कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग पर 25 फेरा के लिए स्वीकृत 05107/ 05108 बढ़नी- प्रयागराज रामबाग मेला स्पेशल ट्रेन 19 जनवरी से 18 फरवरी के बीच निरस्त रहेगी। इसके पहले इस ट्रेन को तीन दिन के लिए निरस्त कर दिया गया था।
प्रयागराज में माघ मेला चार जनवरी से शुरू है, जो 15 फरवरी तक चलेगा। इसको लेकर रेल प्रशासन ने कप्तानगंज- थावे रेलमार्ग पर एक जनवरी से 18 फरवरी के बीच 27 फेरा के लिए 05107/05108 बढ़नी - प्रयागराज रामबाग स्पेशल मेला ट्रेन चलाने की मंजूरी दी है। इसका संचालन एक जनवरी से शुरू हो चुका है। यह ट्रेन मेला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नियमित 19.50 बजे बढ़नी से प्रयागराज रामबाग के लिए तो 21.10 बजे प्रयागराज रामबाग से बढ़नी के लिए चलाई जा रही है। जो बढ़नी से आनंद नगर, गोरखपुर, कप्तानगंज, रामकोला, पडरौना, दुदही, तमकुहीरोड, जलालपुर, थावे, भटनी जंक्शन होते हुए प्रयागराज रामबाग तक जाती है। लेकिन पहली व दूसरी जनवरी को दो दिन चलने के बाद पूर्वोत्तर रेलवे ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए इस ट्रेन को तीन दिन के लिए निरस्त कर दिया था। यही नही अब पूर्वोत्तर रेलवे ने दूसरी बार फिर अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए इस ट्रेन को दस दिन तक के लिए निरस्त किए जाने की घोषणा कर दी है।
रेल प्रशासन के नई घोषणा के मुताबिक अब यह ट्रेन 19 जनवरी से 18 फरवरी के बीच 10 दिन तक निरस्त रहेगी। इस तरह यह ट्रेन 19, 20, 21, 24, 25, 26 जनवरी और 2, 3, 16 व 17 फरवरी को बढ़नी से नही चलाई जाएगी। जबकि यह ट्रेन 20, 21, 22, 25, 26, 27 जनवरी और 3, 4, 17 व 18 फरवरी को प्रयागराज रामबाग से नही चलाई जाएगी।