दहेज की मांग पूरी न होने पर दरवाजे से लौटी बरात
कसया थाना क्षेत्र में आई थी बरात, थाने में चल रही पंचायत
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते मंगलवार की रात शहनाई की गूंज थी। इसी बीच वर पक्ष बरात लेकर वधू पक्ष के दरवाजे पर पहुंचे। जहां वर पक्ष के लोगों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत द्वार पूजा की रस्म पूरी हुई। रस्म की कड़ी में वर-वधू ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई। लेकिन इसी बीच वर व वधू पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। इसके चलते बिना शादी के ही वर पक्ष बरात लेकर लौट गया।
इस मामले में बुधवार की सुबह वधू पक्ष की तरफ से कसया थाने में तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है। यह मामला थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस को दी गई तहरीर में वधू के पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी इसी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी के पुत्र से तय की थी। शादी का शुभ मुहूर्त सात जून था। इसकी रस्म पडरौना मार्ग के कसाडा चौराहे के समीप एक होटल से संपन्न हो रही थी। आरोप है कि वर पक्ष ने शादी के लिए तय रकम व एक कार की डिमांड वधू पक्ष से आरंभ कर दी। इसे वधू पक्ष ने देने में असमर्थता व्यक्त की तो वर पक्ष बिना शादी किए ही बरात लेकर लौट गया।
इस संबंध में एसएचओ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि वर व वधू पक्ष के लोगों के साथ थाने में वार्ता चल रही है। मामला सुलझने के करीब है। इसमें वधू पक्ष के लोग वर पक्ष को दी गई रकम को वापस करने के साथ ही शादी न करने को लेकर बातचीत कर रहे हैं।