बाबर की मां से सीएम ने कहा, मैं हूं आपका दूसरा बेटा
दो और पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, चारों आरोपित भेजे जा चुके हैं जेल
भाजपा की जीत पर मिठाई बांटने पर की गई थी पिटाई
लखनऊ में उपचार के दौरान उसकी हो गई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
टेकुआटार (कुशीनगर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबर की मां और पत्नी से फोन पर बात घटना पर शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने बाबर की मां से कहा, मैं हूं आपका दूसरा बेटा। उधर इस मामले में सोमवार देर रात डीआईजी के आदेश पर हल्का एसआई सहित दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। घटना के चारों आरोपित जेल भेजे जा चुके हैं।
जानकारी के अनुसार रामकोला थानाक्षेत्र के कठघरही निवासी बाबर के विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में वोट देने तथा जीत पर मिठाई बांटने से नाराज पट्टीदारों ने 20 मार्च को उसकी पिटाई कर दी थी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने उसे रामकोला सीएचसी में भर्ती कराया था। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। यहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज और फिर पीजीआई लखनऊ भेज दिया गया था। वहां भी हालत में सुधार न होते देख परिजनों ने उसे लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
रविवार को परिजन शव को दरवाजे पर रखकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे थे। भाजपा के क्षेत्रीय विधायक पीएन पाठक और एसडीएम ने मौके पर जाकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद परिजनों ने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था।
बाबर की मां जैबुननिशा ने बताया कि सोमवार रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनसे फोन कर कहा कि इस दुख की घड़ी में मैं आपके साथ हूं। मैं आपका दूसरा बेटा हूं। सीएम ने कहा कि घटना में सभी आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उसमें कुछ आरोपितों की गिरफ्तारी हो भी चुकी है। उसके बाद मृतक बाबर की पत्नी फातिमा से भी सीएम ने बात की। सीएम से बात करते फातिमा भावुक हो गईं। सीएम ने उन्हें सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।
भाजपा विधायक पीएन पाठक ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। मुख्यमंत्री ने जांच केेे आदेश दिए। पुलिस ने इसमें शामिल दो आरोपितों को पहले ही जेल भेज दिया था। फरार दोनों आरोपित आरोपित सलमा व अजीमुल्ला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसपी सचिंद्र पटेल ने सोमवार को रामकोला थाने के एसओ डीके सिंह को लाइन हाजिर कर दिया था। रात में ही पहुंचे डीआईजी गोरखपुर जे. रवींद्र गौड़ ने हल्का एसआई उमेश कुमार सिंह, सिपाही किशन यादव को भी निलंबित कर दिया।