तमकुहीरोड। सेवरही चीनी मिल की तरफ से बृहस्पतिवार को क्षेत्र में जागरूकता बाइक रैली निकाली। इसमें गन्ना किसानों को वसंत कालीन गन्ने की बुआई के लिए जागरूक कर उन्हें चीनी मिल की तरफ से मिलने वाले उर्वरकों व कीटनाशकों की जानकारी दी।
मिल के अधिशासी निदेशक वाईपी सिंह ने कहा कि क्षेत्र के किसान गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने के लिए ऊपरी खेतों में को.15023 व को.0118 और जलभराव वाले खेतों में को.पी.9301 व को.लखनऊ 14201 की बुआई करें। इससे गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी और किसानों को लाभ होगा। उन्होंने पंपसेट से सिंचाई को महंगा बताते हुए किसानों से सस्ते दर पर बिजली का कनेक्शन लेने की अपील की है। ताकि खेती की लागत को कम किया जा सके। गन्ना महाप्रबंधक प्रमोद कुमार ने कहा कि किसान हित में चीनी मिल एसएसपी, एसओपी, काला सोना नामक उर्वरक व कीटनाशक सस्ते दरों पर किसानों को मुहैया करा रही है।साथ ही बायो कंपोस्ट ऋण पर व नकद भुगतान पर किसानों को उपलब्ध करा रही है। इसका लाभ किसानों को उठाना चाहिए। इस दौरान चीनी मिल के गन्ना प्रबंधक पीएन शाही, रामशंकर प्रसाद, रजनीश सिरोही, यशवंत सिंह बघेल, महेश कुमार अग्रवाल, दिलीप मिश्र, संदीप सिंह, अम्बिका सिंह बघेल, उपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।