बैरिया गांव में दो मकानों की हुई कुर्की
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर की गई कार्रवाई
कसया(कुशीनगर)। बैरिया गांव स्थित दो मकानों के स्वामित्व को लेकर चल रहे विवाद में शांति भंग की आशंका के चलते पुलिस ने मंगलवार को कुर्क कर लिया। यह कार्रवाई ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा के निर्देश पर हुई। इसके पूर्व 24 मई को मकान कुर्क करने गई पुलिस टीम लौट आई थी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा ने कसया के पूर्व एसडीएम वरुण कुमार पांडेय के 13 मई के न्यायिक आदेश के अनुपालन में गई पुलिस टीम को आदेश की समीक्षा होने तक क्रियान्यवन रोक दिया था। उन्होंने एसडीएम के आदेश की समीक्षा की तो तथ्य सही पाए। इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने आदेश का अनुपालन करते हुए कुर्की जब्ती की प्रक्रिया पूरी की। एसडीएम न्यायालय ने यह आदेश संजीव कुमार मिश्र, दुर्गा देवी, रविंद्र, अमृतांशु, गीता, भारतम्बर आदि के वाद में दिया था।
वादी संजीव मिश्र ने अपर जिला न्यायालय में मकान के स्वामित्व व कब्जेदारी के चल रहे मुकदमे का हवाला देते हुए कभी भी शांति भंग की आशंका जताई थी। तत्कालीन एसडीएम ने स्थलीय व पुलिस रिपोर्ट मंगाने के बाद दोनों पक्षों को सुना और पुलिस को मकान कुर्क करने का आदेश दिया था। मंगलवार सुबह 11 से शाम पांच बजे तक चली कार्रवाई के दौरान एसआई संतोष कुमार, एसआई चंदन मौर्या, कांस्टेबल संदीप सिंह यादव, रविंद्र कुमार, राजू कुमार, आशीष कुमार गौतम, महिला कांस्टेबल प्रिया सिंह, पूनम आदि मौजूद रहे।