हाटा। शांति एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसपी ने सोमवार देर रात हाटा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बाघनाथ तिराहा सहित प्रमुख स्थानों पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उन्हें पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर हाल में सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखना होगा।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने क्षेत्र के प्रमुख प्रवेश मार्गों, तिराहों और चौराहों पर स्थापित चेक पोस्टों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की सघन चेकिंग करने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और बिना जांच किसी भी वाहन को आगे न जाने देने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने में भी सख्ती बरतने को कहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि रात के समय गश्त और अधिक प्रभावी बनाए, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के लिए पुलिस को सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने पर जोर दिया।