बाढ़ से पूर्व की तैयारी करने के सीएम ने दिए निर्देश
पडरौना (कुशीनगर)। बुधवार की रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा करने के लिए अफसरों के साथ बैठक की। इस वर्चुअल बैठक में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी से डीएम, एडीएम, खड्डा और तमकुहीराज के एसडीएम व बाढ़ खंड के एक्सईएन भी शामिल हुए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर टीमवर्क, अंतर्विभागीय समन्वय तथा समय से की गई तैयारियों के कारण पिछले चार वर्षों में प्रदेश के अंदर बाढ़ से बहुत ही कम जन-धन की हानि हुई है। 15 जून 2021 के बाद सभी जनपदों में बाढ़ के प्रति अलर्ट लागू किया जाए। सभी डीएम तथा एसपी को बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों का भ्रमण करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि सभी जनपदों में बाढ़ कंट्रोल रूम को क्रियाशील कर दिया जाए। इनमें प्रशिक्षित लोगों को निरंतर निगरानी पर लगाया जाए। बाढ़ के प्रति संवेदनशील स्थलों को चिह्नित करते हुए आवश्यकतानुसार राहत सामग्री के पैकेट अभी से तैयार कर लिए जाएं। बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रभावित लोगों को कम्युनिटी किचन के माध्यम से फूड पैकेट उपलब्ध कराने की व्यवस्था करें। बाढ़ की दृष्टि से अतिसंवेदनशील तथा संवेदनशील जनपदों में नौकाओं की उपलब्धता अभी से सुनिश्चित की जाए। विदित हो कि बाढ़ की दृष्टि से कुशीनगर अतिसंवेदनशील जनपदों में आता है। उन्होंने कहा कि बचाव कार्य के लिए बड़े और मध्यम आकार की नौकाएं ही उपयोग में लायी जाएं। छोटे आकार की नौका किसी भी दशा में इस्तेमाल नहीं की जानी चाहिए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा पीएसी की फ्लड बटालियन को क्रियाशील कर दिया जाए। इस तरह उन्होंने बाढ़ से पूर्व अफसरों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया।
इस दौरान डीएम एस. राजलिंगम, एडीएम विंध्यवासिनी राय, एसडीएम खड्डा अरविंद कुमार, तमकुहीराज एआर फ़ारुखी, एक्सईएन बाढ़खंड महेश कुमार सिंह, डीपीआरओ राघवेंद्र द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।