कोरोना से तीन संक्रमित, 25 हुए स्वस्थ
पडरौना (कुशीनगर)। जिले में कोरोना महामारी का संक्रमण इन दिनों न्यूनतम स्तर की ओर बढ़ने लगा है। बृहस्पतिवार को सिर्फ तीन लोग इससे संक्रमित पाए गए। इसके अतिरिक्त 25 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। अब एक्टिव मरीजों की संख्या 175 हो गई है।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार को शाम तक 4391 लोगों का सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजा गया, जबकि 2282 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 2279 निगेटिव और तीन पॉजिटिव केस हैं। संक्रमित मिलने वालों में दो सुकरौली तथा एक अन्य क्षेत्र का निवासी है। इस तरह अब तक कराई गई 673620 लोगों की जांच में 15509 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें 25 लोग बृहस्पतिवार को स्वस्थ मिले। उन्हें लेकर कुल 15118 लोग ठीक हुए हैं। कुल 216 मरीजों की मौत हुई है, जबकि 175 एक्टिव केस हैं।