सुकरौली। हाटा तहसील के सिकटिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने पीएचसी को मंजूरी प्रदान करते हुए जिलाधिकारी एवं सीएमओ से आवश्यक आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
लंबे समय से सिकटिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मांग की जा रही थी। विधायक मोहन वर्मा ने विधानसभा में इसका मुद्दा उठाया था। उन्होंने शासन स्तर पर भी पीएचसी की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा था। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनने से सिकटिया सहित आसपास के गांवों मुड़िला हरपुर, गौनरिया, अथरहा, पिपरा, लंगड़ी, देवराजपिपरा और दुबौली समेत करीब 32 हजार की आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
वर्तमान में क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए 7 किलोमीटर दूर सीएचसी मोतीचक अथवा 16 किमी दूर सीएचसी हाटा जाना पड़ता है। इससे मरीजों और तीमारदारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक उपचार, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं समेत अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
लोगों का मानना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।