पडरौना। शहर के बीच स्थित रामधाम पोखरा पर काफी पहले से जर्जर पड़े पुल को तोड़कर वहां टू-लेन का पुल बनाया जाएगा। इस पर 2.03 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य के लिए पीडब्ल्यूडी ने टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली है। बहुत जल्द निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। वहीं खिरकिया बाजार में बन रहे टू-लेन पुल का तीन पाया तैयार कर लिया गया है, शेष का निर्माण कार्य चल रहा है। इन दोनों पुल के निर्माण होने से शहर समेत आसपास क्षेत्र के लोगों के अलावा बिहार के बगहा तक लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
शहर के दरबार के पास स्थित रामधाम पोखरा पर बने पुल के रास्ते मंसाछापर, जटहां बाजार, नेबुआ नोरंगिया और खड्डा होते हुए बिहार तक के लोगों का आवागमन होता है। पोखरे पर बना पुल बीते करीब दो वर्ष पहले हुई मूसलाधार बारिश के दौरान एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। सदर विधायक मनीष जायसवाल की पहल पर पीडब्ल्यूडी की तरफ से करीब एक सप्ताह तक मरम्मत कार्य कर आवागमन शुरू कराया था। मरम्मत कार्य के बाद छोटे वाहनों का तो आवागमन शुरू करा दिया, लेकिन भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया गया। इसके चलते मंसाछापर समेत आसपास गांवों में सामान लेकर जाने वाले भारी वाहनों को पांच से आठ किलोमीटर अधिक दूरी तय कर जाना पड़ता है। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
शासन ने रामधाम पोखरा पर पुल बनाने की स्वीकृति मिल गई है। शासन ने निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए शासन ने 2.03 करोड़ रुपये स्वीकृत करते हुए पीडब्ल्यूडी को कार्यदायी संस्था नामित किया है। उधर कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शीघ्र ही इस पुल का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। वहीं शहर के करीब तीन किलोमीटर दूर पडरौना-बगहां मार्ग स्थित खिरकिया बाजार स्थित झरही नदी पर बन रहे दूसरे टू-लेन निर्माण कार्य भी तेज हो गए हैं।
पीडब्ल्यूडी ने पुल के तीन पाया का निर्माण कार्य पूरा करा लिया है। अब झरही नदी का बह रहा पानी दूसरे तरफ मोड़ा जाएगा। इसके बाद पुल के लिए अन्य पाया का निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस पुल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद खिरकिया बाजार में सुबह से लेकर शाम तक लगने वाले जाम से लोगों को निजात तो मिलेगी ही साथ ही इस रास्ते जटहां बाजार, बांसी और बिहार के बगहा तक लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
0
खिरकिया बाजार में जाम की समस्या सुबह से देर शाम तक जाम की समस्या बनी रहती है। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी होने के साथ स्थानीय दुकानदारों को भी व्यापार करने में दिक्कत होती है। यहां बन रहे दूसरे पुल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस समस्या से लोगों को स्थाई रूप से निजात मिल जाएगी। - राजेश गुप्ता, व्यापारी, खिरकिया।
0
खिरकिया बाजार में निर्माणाधीन पुल का निर्माण पूरा होने लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलने के साथ ही बाजार का विकास तेजी से होगा। इसका निर्माण कार्य होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। - धनंजय शर्मा, निवासी, खिरकिया।
0
पडरौना शहर के रामधाम पोखरा पर टू-लेन पुल निर्माण की स्वीकृति मिली है। इसका निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बहुत जल्द निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा, वहीं खिरकिया बाजार में बन रहे दूसरे पुल का तीन पाया भी तैयार कर लिया गया है। अब झरही में बह रहे पानी की धारा मोड़कर अन्य पायों का निर्माण कार्य किया जाएगा। सभी पायों का निर्माण पूरा होने के बाद निर्माण कार्य तेज हो जाएगा। -सूवेदार यादव, एई, पीडब्ल्यूडी, कुशीनगर।
पडरौना रामधाम पोखरा स्थित पुल। संवाद- फोटो : samvad