कुशीनगर। 25 हजार के इनामी पशु तस्कर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। तस्कर को पैर में गोली लगी है। बुधवार को पकड़ी बुजुर्ग बाइपास पुलिया के पास दिन दहाड़े पुलिस और तस्कर के बीच गोली चलने से आसपास के लोग सहम गए। पुलिस ने बताया कि पशु तस्कर का नेटवर्क आसपास के जिलों और बिहार प्रांत तक सक्रिय है। इसके पास से मिले मोबाइल में गैंग से जुड़े कई अन्य तस्करों का नंबर पुलिस के हाथ लगा है।
एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि रविंद्र नगर थाना क्षेत्र में इनामी पशु तस्कर के आने की सूचना पुलिस को मिली। कुबेरस्थान, रविंद्रनगर धूस और स्वाट की टीम ने संयुक्त रूप से पकड़ी बुजुर्ग बाईपास पुलिया के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दी। बाइक से एक व्यक्ति आता हुआ दिखा। पुलिस ने रुकने के लिए इशारा किया तो वह भागने का प्रयास करने लगाश्र। चारों तरफ से पुलिस से घिरता देख पशु तस्कर ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पशु तस्कर के पैर में गोली लग गई और जमीन पर गिर गया। पुलिस ने इसकी पहचान कसया थाना क्षेत्र के खेसारी गिदहा गांव निवासी क्यामुद्दीन अंसारी के रूप में किया। इसके पास से एक अवैध तमंचा, एक बिना नंबर की बाइक, एक मोबाइल और 1270 रुपये नकदी बरामद की गई है। घायल पशु तस्कर का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मुठभेड़ के बाद मौके पर पहुंचे एसपी ने टीम में शामिल पुलिसकर्मियों से जानकारी लेने के बाद 25 हजार का इनाम टीम को देने का घोषणा की है।
गैंग के सदस्यों को ट्रेस करने में जुटी पुलिस
पशु तस्कर क्यामुद्दीन अंसारी हाईवे पर लाइनर का भी काम करता था। पुलिस के अनुसार देवरिया, गोरखपुर और बिहार में पशु तस्करों से इसका जुड़ाव है। काफी दिनों से इस धंधे में सक्रिय है। पुलिस को इसकी तलाश थी। पूर्व में भी इसके खिलाफ पशु तस्करी के मामले में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके गैंग में रहने वाले पशु तस्करों को ट्रेस करने में पुलिस जुटी है।