बनकटा बाजार के सुभाष चौक पर सड़क पर पानी में प्रदर्शन करते व्यापारी।
- फोटो : KUSHINAGAR
जलभराव से नाराज व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
बनकटा बाजार। सड़क पर जलभराव से नाराज बनकटा बाजार के व्यापारियों ने रविवार को प्रदर्शन किया। जलभराव वाले स्थान पर ही प्रदर्शन करने के दौरान व्यापारियों ने कहा कि जब भी बारिश होती है, सड़क पर पानी भर जाता है। यहां जलनिकासी का समुचित प्रबंध नहीं है। इन लोगों ने समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
व्यवसायी श्रीराम गुप्ता ने कहा कि सड़क पर गिरने वाले पानी की निकासी की व्यवस्था न होने के कारण दुकान के सामने ही जलभराव हो जाता है। इस वजह से ग्राहक दुकान पर आने से कतराते हैं। व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज कुमार निराला ने कहा कि सड़क में जलभराव से निजात दिलाने के लिए लोक निर्माण विभाग को कई बार लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मानसून शुरू होने से पहले जलभराव की समस्या से निजात नहीं दिलाई गई तो यहां के व्यवसायियों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में श्रीराम गुप्ता, सुभाष गुप्ता, मुन्ना मद्धेशिया, लक्ष्मण गुप्ता, सागर चौहान, गुड्डू चौहान, छेदी मद्धेशिया, विजेंद्र यादव, डॉ. छोटेलाल गुप्ता सहित कई लोग शामिल थे। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के जेई सुनील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य चौराहे पर सड़क पर गंदा पानी एकत्र होना बड़ी समस्या है। बहुत जल्द जलनिकासी का प्रबंध कराया जाएगा।