रामकोला। साइकिल न खरीदने से नाराज किशोर शुक्रवार को ट्रेन के सामने लेटकर जान दे दिया। खबर मिलते ही गांव वालों की रेलवे लाइन पर भीड़ जुट गई। मौके पर पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसकी जानकारी मिलते ही घर वालों में चीख पुकार मच गई।
रामकोला थाना क्षेत्र के सपहा हुडवा निवासी होरिल यादव का 14 वर्षीय बेटा अभिषेक यादव घर वालों से साइकिल खरीदने के लिए जिद कर रहा था। परिजनों ने साइकिल खरीदने से मनाकर उसे डांट दिया। इससे नाराज होकर अभिषेक घर से निकल गया और परोरा डंमर छपरा गांव के पास पहुंचा। पडरौना-कप्तानगंज रेलवे ट्रैक पर करीब नौ बजे जा रही ट्रेन को देख रेलवे लाइन पर जाकर सो गया। यह देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और उसे बचाने के लिए रेलवे लाइन की ओर दौड़े, लेकिन ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण लोग किशोर की जान नहीं बचा सके और आंखों के सामने से ट्रेन उसे रौंदते हुए निकल गई। करीब एक घंटे तक लोग और मौके पर पहुंची पुलिस उसकी पहचान करने के लिए परेशान रही। घर वालों के पहुंचने के बाद शव की पहचान हो सकी।
लक्ष्मीपुर चौकी इंचार्ज शिवम द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घर वाले किशोर को विक्षिप्त बता रहे हैं।