पीएनबी की जोकवा बाजार शाखा से रुपये नहीं मिलने से नाराज लोगों ने सोमवार को करीब आधे घंटे तक फोरलेन हाइवे को जाम किया। इसी दौरान वहां से गुजरी पीएसी की गाड़ी देखकर लोगों ने जाम खत्म कर दिया।
शनिवार और रविवार को अवकाश के बाद सोमवार को जोकवा बाजार पीएनबी के उपभोक्ता सुबह पांच बजे से ही लाइन में लग गए थे। दिन के 10 बजे जब बैंक खुला तो बताया गया कि भुगतान के लिए रुपया ही नहीं है। इससे नाराज लोग फोरलेन पर आकर जाम लगा दिए। दोनों तरफ गाड़ियों की कतार लग गई। इसी दौरान पीएससी की चार गाड़ियां पहुंच गई। पीएसी की गाड़ी देखते ही लोग खुद ही जाम खत्म कर हट गए। इसके बाद लोग फिर बैंक के सामने आकर लाइन में लग गए। मौके पर पहुंचे तुर्कपट्टी एसओ ने लोगों को रुपया उपलब्ध होने पर भुगतान का आश्वासन देकर घर भेज दिया।
जौरा बाजार के लोगों ने हंगामा किया
पूर्वांचल बैंक की जौरा बाजार शाखा में मंगलवार को भुगतान लेने गए लोगों ने शाखा प्रबंधक की मनमानी के विरोध में खूब हंगामा किया। माहौल शांत कराने के लिए अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी।
सुबह 10 बजे ही बैंक शाखा पर भीड़ जुट गई थी। दोपहर करीब 12 बजे शाखा प्रबंधक ने रुपया खत्म होने की बात कही। लोग शाखा प्रबंधक पर मनमानी का आरोप लगाते शोर मचाने लगे। बैंक की सुरक्षा में लगे सिपाहियों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई। इसके बाद पटहेरवा थाने से एसएसआई चौथीराम यादव फोर्स लेकर पहुंचे। पुलिसवालों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।